चांडिल/ Afroj Mallick कपाली क्षेत्र में रविवार देर रात बड़ा हादसा टल गया जब अलबेला गार्डन मस्जिद के पास चालू बिजली की लाइन अचानक टूटकर बीच सड़क पर गिर गई. सौभाग्य से उस समय सड़क पर कोई व्यक्ति या वाहन नहीं गुजर रहा था, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई. घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई और लोग तार से बचने के लिए दूर-दूर से गुजरने लगे.

मामले की गंभीरता को देखते हुए मस्जिद के इमाम साहब ने तत्परता दिखाते हुए बिजली विभाग को फोन पर सूचना दी. वहीं स्थानीय लोगों ने बताया कि इलाके में कई जगहों पर पुराने और जर्जर तार लटक रहे हैं, जो कभी भी गंभीर हादसे का कारण बन सकते हैं. लोगों ने बिजली विभाग से तुरंत कार्रवाई कर ऐसे खतरनाक तारों को बदलने की मांग की है.
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते ध्यान नहीं दिया गया तो भविष्य में कोई भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है. खबर लिखे जाने तक बिजली कनेक्शन नहीं काटा गया था और न ही कोई कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंचा था.

