जमशेदपुर/ Prerna Ojha जिला प्रशासन की पहल पर गुड़ाबांदा प्रखंड के किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ) से जुड़े 20 प्रतिनिधि गुमला स्थित ‘गोट ट्रस्ट’ के दो दिवसीय अध्ययन यात्रा पर रवाना हुए. 28 और 29 अगस्त को आयोजित इस यात्रा का उद्देश्य किसानों को बकरी पालन के आधुनिक प्रबंधन और विपणन व्यवस्था की जानकारी देना है.

यात्रा के दौरान प्रतिभागियों को बकरी पालन सह बकरा विकास योजना की कार्यप्रणाली, रखरखाव और स्वास्थ्य देखभाल की आधुनिक पद्धतियां, स्वस्थ नस्ल के विकास की तकनीक, दवा व टीकाकरण की विधियां तथा बाजार प्रबंधन की प्रणाली के बारे में प्रशिक्षण दिया जाएगा. इसके साथ ही विपणन के आधुनिक तरीकों को भी विस्तार से समझाया जाएगा.

उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने कहा कि गुमला का ‘गोट ट्रस्ट’ मॉडल इस क्षेत्र में प्रेरणादायी है. गुड़ाबांदा प्रखंड के किसान इस अध्ययन भ्रमण से आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम बढ़ा सकेंगे. उन्होंने उम्मीद जताई कि किसान इस अनुभव को स्थानीय स्तर पर साझा कर बकरी पालन को नई दिशा देंगे और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाएंगे.

