सरायकेला/ Pramod Singh जिला स्पोर्ट्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित जिला फुटबॉल सुपर लीग अर्जुना कप में आज रोमांचक मुकाबला खेला गया. अर्जुना स्टेडियम खरसावां में हुए इस मैच में माहिर एफ सी सीनी ने के एफ सी खरसावां को 5-2 से पराजित कर सुपर लीग में अपनी पहली जीत दर्ज की.


मैच के 8वें मिनट में विजय सोय ने सीनी की ओर से पहला गोल दागकर टीम को बढ़त दिलाई. इसके बाद 18वें मिनट में राजू बारी ने स्कोर को 2-0 कर दिया. हालांकि 23वें मिनट में के एफ सी के जनेश सामड ने गोल कर टीम की वापसी कराई. इसके बाद सीनी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन जारी रखा. 26वें मिनट में पंकज गोप और 32वें मिनट में राजू बारी ने गोल कर टीम को 4-1 की मजबूत बढ़त दिलाई.
दूसरे हाफ में भी सीनी का दबदबा जारी रहा. 49वें मिनट में बुधराम होनहागा ने गोल कर जीत को लगभग सुनिश्चित कर दिया. अंतिम समय में के एफ सी के सुनील मुंडा ने एक गोल दागा लेकिन टीम को हार से नहीं बचा सके. मैच में रेफरी की भूमिका विशाल गोप, समीर महतो, सुखदेव गौड़ और रतन मुर्मू ने निभाई.
अगला मुकाबला माहिर एफ सी सीनी और आवासीय फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र खरसावां के बीच 2 सितंबर को दोपहर 2:30 बजे अर्जुना स्टेडियम खरसावां में खेला जाएगा. सुपर लीग का फाइनल मैच 4 सितंबर को ग्रुप ए और ग्रुप बी के विजेता टीमों के बीच होगा. वहीं जिला फुटबॉल लीग का समापन समारोह 15 सितंबर को आयोजित किया जाएगा.

