रांची: कुचाई में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के लिए प्रशासनिक स्वीकृति दे दी गई है. इसी महीने इसका शिलान्यास किया जाएगा. टेंडर की प्रक्रिया जारी है. झारखंड विधानसभा के चालू मानसून सत्र के दौरान खरसावां विधायक दशरथ गागराई द्वारा पूछे गए सवाल के जवाब में सरकार ने स्पष्ट किया कि कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, कुचाई के भवन निर्माण हेतु 6.59 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है.

बताया गया कि उक्त राशि झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद्, रांची को आवंटित की गई है. सरकार की ओर से बताया गया कि झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद् द्वारा भवन निर्माण के लिए निविदा प्रकाशित कर दी गई है और फिलहाल निस्तारण प्रक्रिया जारी है. प्रशासी पदाधिकारी के प्रतिवेदन के अनुसार अगस्त 2025 से भवन निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा. इस घोषणा को क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है, जिससे सैकड़ों बालिकाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए बेहतर भवन सुविधा उपलब्ध होगी.

