लोहरदगा: जिले में लगातार हो रही मूसलधार बारिश ने आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. जिले की प्रमुख नदियां शंख और कोयल खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं. इससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है. कई घरों और दुकानों में पानी घुस गया है जिससे लोगों का जीवन अस्त- व्यस्त हो गया है.


शहर के न्यू रोड स्थित एक फर्नीचर दुकान में पानी घुस जाने से लाखों रुपये का सामान बर्बाद हो गया है. दुकानदार और स्थानीय लोग मशीन लगाकर पानी निकालने में जुटे हैं लेकिन लगातार बारिश के कारण परेशानी कम नहीं हो रही है. अन्य क्षेत्रों में भी लोग घरों और दुकानों से पानी निकालने की जद्दोजहद कर रहे हैं.
बारिश से किसानों की हालत सबसे ज्यादा खराब हुई है. खेतों में खड़ी धान और सब्जियों की फसलें डूब गई हैं. किसानों को भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है. कई गांवों के किसानों का कहना है कि इस नुकसान की भरपाई वर्षों तक संभव नहीं हो पाएगी.
लगातार हो रही बारिश से उत्पन्न हालात को लेकर लोहरदगा विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव ने कहा कि बारिश ने न सिर्फ लोहरदगा बल्कि पूरे राज्य में तबाही मचाई है. किसानों की फसलें बर्बाद हुई हैं और लोगों को आर्थिक क्षति उठानी पड़ी है. उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को विधानसभा में उठाया जाएगा और सरकार से प्रभावित लोगों के लिए मुआवजे की मांग की जाएगी.

