सरायकेला: समाहरणालय सभागार में उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई. इस दौरान उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, सिविल सर्जन, अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी एमओआईसी एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे.

बैठक में सदर अस्पताल, अनुमंडल अस्पताल तथा विभिन्न प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के जीर्णोद्धार कार्य, उपकरण उपलब्धता एवं विभागीय व्यय की विस्तृत समीक्षा की गई. उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध संसाधनों एवं उपकरणों का समुचित सदुपयोग कर लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराई जाए. उन्होंने कहा कि जेम पोर्टल से खरीदी जाने वाली सामग्रियों का दर कभी भी निर्धारित दर से अधिक नहीं होना चाहिए.
बैठक में उपायुक्त ने कई दिशा-निर्देश जारी किए जिनमें प्रमुख हैं – चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करना, सदर एवं अनुमंडल अस्पतालों में 24×7 आपातकालीन सेवाएँ उपलब्ध कराना, सहिया एवं सीएचओ की कार्यकुशलता की समीक्षा करना, मौसमी बीमारियों की रोकथाम हेतु विशेष अभियान चलाना, जलजनित रोगों की रोकथाम हेतु नियमित जल-गुणवत्ता परीक्षण करना तथा सभी केंद्रों में जीवनरक्षक दवाओं का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करना.
इसके अलावा गर्भवती महिलाओं की चार एएनसी पूरी कराना, शिशुओं एवं धात्री महिलाओं का समय पर टीकाकरण, आंगनबाड़ी केंद्रों में वीएचएनडी का आयोजन, कुपोषित बच्चों का उपचार, एम्बुलेंस संचालन, ओपीडी सेवाओं का नियमित संचालन, संस्थागत प्रसव को बढ़ावा, परिवार नियोजन उपायों का प्रचार-प्रसार, टीबी, कुष्ठ एवं फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम का सख्ती से पालन तथा एनीमिया मुक्त भारत अभियान का विद्यालय एवं आंगनबाड़ी केंद्रों से जुड़ाव अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने को कहा गया.
उपायुक्त ने अस्पतालों में स्वच्छता, हाइजीन एवं उपकरणों की तकनीकी जाँच पर भी बल दिया. उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की योजनाएँ सीधे नागरिकों के जीवन एवं स्वास्थ्य से जुड़ी हुई हैं, इसलिए प्रत्येक अधिकारी और स्वास्थ्यकर्मी अपने कर्तव्यों का निर्वहन निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ करें ताकि जिले के नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएँ मिल सकें.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
