गढ़वा: जिले के श्री बंशीधर नगर क्षेत्र के किसान इन दिनों यूरिया खाद की भारी कमी से परेशान हैं. शुक्रवार को गोसाईबाग मैदान में यूरिया से भरा एक ट्रक पहुंचा, जिसे सात डीलरों के बीच बांटा जाना था. जैसे ही इसकी जानकारी किसानों को मिली, हजारों की संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और जमकर हंगामा किया.

किसानों का आरोप है कि जब धान की फसल को खाद की सबसे अधिक जरूरत है, तभी यूरिया उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है. उनका कहना है कि खाद की आपूर्ति में गड़बड़ी की जा रही है और लाभ वास्तविक किसानों तक नहीं पहुंच रहा है. कई किसानों ने शिकायत की कि वे लगातार डीलरों के चक्कर लगा रहे हैं लेकिन खाद नहीं मिल पा रहा है. इससे धान की फसल पर संकट मंडरा रहा है.
करीब दो हजार से अधिक किसानों के आक्रोश को देखते हुए स्थानीय थाना पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा और स्थिति को शांत कराना पड़ा. किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सभी जरूरतमंद किसानों को पारदर्शी तरीके से खाद उपलब्ध नहीं कराया गया, तो वे बड़े आंदोलन के लिए मजबूर होंगे. उन्होंने प्रशासन और सरकार से मांग की है कि यूरिया की किल्लत को तुरंत दूर किया जाए और जिम्मेदार अधिकारियों की निगरानी में खाद का वितरण किया जाए, ताकि फसल बच सके और उनकी मेहनत पर पानी न फिरे.
इस मामले को लेकर किसान फरीद खान ने कहा कि धान रोपनी का समय है और खाद के बिना फसल खराब हो जाएगी. वहीं, उपायुक्त दिनेश यादव ने स्पष्ट किया कि समय पर खाद उपलब्ध कराया जा रहा है और यदि कोई डीलर लापरवाही करेगा, तो उस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
