रोहतास/ Arzoo Bakhsh बिहार में शराबबंदी के बावजूद शराब माफियाओं का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है. ताज़ा मामला बिक्रमगंज थाना क्षेत्र के धारूपुर गांव का है, जहां सोमवार देर रात शराब की सूचना पर छापामारी करने गई उत्पाद विभाग की टीम पर अचानक हमला कर दिया गया.

जानकारी के अनुसार सब इंस्पेक्टर अजिताभ कुमार के नेतृत्व में एक्साइज विभाग की टीम धारूपुर वार्ड नंबर-21 में छापामारी करने पहुंची थी. छापामारी के दौरान अवैध शराब भी बरामद की गई. लेकिन इसी बीच शराब माफियाओं ने अन्य लोगों के साथ मिलकर टीम पर हमला बोल दिया. लाठी-डंडों और पत्थरों से की गई इस बर्बर मारपीट में सब इंस्पेक्टर अजिताभ कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें तत्काल इलाज के लिए बिक्रमगंज स्थित एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया है.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमले के दौरान हालात इतने बिगड़ गए कि टीम के पुलिसकर्मी किसी तरह अपनी जान बचाकर मौके से भाग निकले. घटना के बाद इलाके में अफरातफरी का माहौल हो गया. सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और हालात को काबू में लिया. फिलहाल पुलिस ने शराब माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि शराब माफियाओं का नेटवर्क गांव-गांव में सक्रिय है और प्रशासन की कार्रवाई के बावजूद धंधा बेरोकटोक जारी है. इस हमले ने एक बार फिर से राज्य में शराबबंदी की सफलता पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

