जमशेदपुर/ Afroz Mallik मंगलवार सुबह मानगो छोटा पुल पर उस समय अफरा- तफरी मच गया ज़ब नशे की लत में डूबे एक युवक ने ऐसा उत्पात मचाया कि राहगीर दहशत में आ गए. जानकारी के अनुसार ब्राउन शुगर का आदी युवक राह चलते एक युवक से जबरन पैसे छीनने की कोशिश करने लगा. जब आसपास मौजूद लोगों ने इसका विरोध किया तो नशेड़ी युवक ने अचानक पत्थर उठाकर राहगीरों पर हमला कर दिया. मौके पर अफरातफरी मच गई और लोग किसी तरह अपनी जान बचाकर भाग निकले.

यह कोई पहली घटना नहीं है. बताया जाता है कि शहर के कई इलाकों में ब्राउन शुगर का कारोबार तेजी से फैल रहा है. इसके शिकार खासकर युवा हो रहे हैं और नशे की गिरफ्त में आकर आए दिन आपराधिक वारदात को अंजाम दे रहे हैं. पुलिस के तमाम दावों के बावजूद हालात बेकाबू दिख रहे हैं. आंकड़ों की मानें तो शहर में होने वाले लगभग 70 फीसदी अपराधों के पीछे नशेड़ी युवाओं का हाथ होता है. पुलिस भी कई बार यह स्वीकार कर चुकी है कि नशे की वजह से अपराध बढ़ते जा रहे हैं.
विशेषज्ञ बताते हैं कि ब्राउन शुगर का नशा इंसान को शारीरिक और मानसिक रूप से बर्बाद कर देता है. इसके असर में युवक अपनी सुध-बुध खो बैठते हैं और किसी भी हद तक जाने को तैयार हो जाते हैं. यही कारण है कि समाज के लिए यह नशा एक गंभीर खतरा बन चुका है. यदि समय रहते इस पर अंकुश नहीं लगाया गया तो आने वाले दिनों में जमशेदपुर में अपराध की तस्वीर और भी भयावह हो सकती है.

