जमशेदपुर/ Prerna Ojha उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देश पर शहरी क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में सोमवार को अग्नि सुरक्षा संबंधी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए. इस कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों और शिक्षकों को मॉक ड्रिल कराते हुए आग लगने की स्थिति में बचाव के उपाय और आपातकालीन प्रतिक्रिया की जानकारी दी गई.

सेंट जेवियर्स इंग्लिश हाई स्कूल खासमहल, श्यामा प्रसाद मुखर्जी उच्च विद्यालय खासमहल तथा सरस्वती शिशु विद्या मंदिर बागबेड़ा में आयोजित मॉक ड्रिल के दौरान उपस्थित विद्यार्थियों और शिक्षकों को प्राथमिक बचाव उपाय, अग्निशमन यंत्रों के प्रयोग, सुरक्षित निकासी मार्ग का उपयोग और समय पर सूचना देने की प्रक्रिया समझाई गई.
अग्निशमन दल के प्रशिक्षकों ने बताया कि मॉक ड्रिल का उद्देश्य विद्यालय स्तर पर विद्यार्थियों और शिक्षकों को आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए तैयार करना तथा अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है. उन्होंने कहा कि आगे भी इस प्रकार के कार्यक्रम अन्य विद्यालयों में आयोजित किए जाएंगे ताकि अधिक से अधिक लोग सुरक्षा उपायों से अवगत हो सकें.

