धनबाद: जिले के पुटकी थाना क्षेत्र के करकेन्द स्थित खटाल और पासी धौड़ा बस्ती में दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई. विवाद के दौरान लाठी- डंडे और ईंट- पत्थर चले. इस घटना में एक युवती घायल हो गई, जबकि पथराव से आधा दर्जन से अधिक घर क्षतिग्रस्त हो गए और कई वाहनों को उपद्रवियों ने तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया.

ग्रामीणों के अनुसार, उपद्रव के दौरान बमबाजी और फायरिंग की भी आशंका जताई जा रही है. सूचना मिलते ही पुटकी, केंदुआ, लोयाबाद, भागाबांध, मूनीडीह और कपुरिया की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में किया. पुलिस ने उपद्रवियों को खदेड़ कर इलाके में शांति व्यवस्था बहाल की. पुटकी थाना प्रभारी वकार हुसैन ने बताया कि बम और गोली चलने की पुष्टि नहीं हुई है. उन्होंने कहा कि शनिवार की शाम पासी धौड़ा के एक रिकवरी एजेंट और खटाल के एक वाहन मालिक के बीच लोन की किस्त को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद मारपीट भी हुई थी. उसी विवाद को लेकर आज फिर तनाव की स्थिति बन गई. पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और अशांति फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

