आदित्यपुर/ Parmeshwar Gorai सालडीह बस्ती स्थित आशियाना श्री श्री सार्वजनिक जन्माष्टमी पूजा कमेटी और अग्रदूत संघ के तत्वावधान में शनिवार को पूजा पंडाल का भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया. मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री एवं पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा शामिल हुए. पंडाल का विधिवत उद्घाटन भाजपा नेता जिला अध्यक्ष उदय सिंहदेव ने फीता काटकर किया.

इससे पूर्व जियाडा भवन में अर्जुन मुंडा, नगर निगम के पूर्व उपमहापौर अमित सिंह उर्फ बॉबी सिंह, उदय सिंह एवं भाजपा नेताओं ने भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर उनकी तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी.
पंडाल के मंच पर पहुंचने पर अर्जुन मुंडा का पारंपरिक ढंग से स्वागत किया गया. अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि जन्माष्टमी भारतीय संस्कृति का महत्वपूर्ण अध्याय है. भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हर युग के लिए प्रेरणास्रोत है और इस क्षेत्र में जन्माष्टमी का उत्सव विशेष श्रद्धा के साथ मनाया जाता है. उन्होंने आदित्यपुर वासियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं.

इस अवसर पर सपन कुमार दास, अजय महतो, पिंटू कुमार, बाबू चंद्र प्रजापति, पवन कुमार महतो, पूर्व पार्षद नील पद्म विश्वास सहित कई गणमान्य व्यक्ति एवं कमेटी सदस्य उपस्थित रहे. पंडाल की भावनात्मक और आकर्षक साज- सज्जा लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रही.

