धनबाद: जिले के धनसार थाना क्षेत्र के रानी रोड, बरमसिया भुदा रोड में मंगलवार देर रात पैसों के लेन- देन के विवाद में गोली चलने से 21 वर्षीय नीरज साव गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल को एसएनएमएमसीएच धनबाद ले जाया गया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए रांची रेफर किया गया, हालांकि परिजनों ने उसे धनबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है. उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है.

मिली जानकारी के अनुसार नीरज कबाड़ का काम करता है और उसने बरमसिया पुल स्थित जुदागिर राम के कबाड़खाना में माल बेचा था. भुगतान को लेकर जुदागिर के बेटे दीपक राम से विवाद चल रहा था. मंगलवार शाम से दोनों पक्षों में झड़प हो रही थी और रात करीब 9 बजे महावीर नगर के पास झगड़े के दौरान दीपक ने नीरज पर गोली चला दी. गोली उसकी पीठ और कमर के बीच लगी, जो कमर में फंसी हुई है. घटना के बाद आरोपी फरार हो गया.
घायल की मां ने बताया कि नीरज ने किसी युवक को 20 हजार रुपये दिए थे, जिसे वापस मांगने पर उस पर गोली चला दी गई. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश में छापेमारी जारी है.

