पटना/ Arzoo Bakhsh रक्षाबंधन के दिन पटना से सटे पालीगंज अनुमंडल के खीरीपर गांव में ननिहाल आए तीन सगे भाई- बहन की मौत हो गई. सोमवार रात खाना खाने के बाद दूध पीने के उपरांत उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई. परिजनों ने आनन- फानन में बच्चों को पालीगंज के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उन्हें अरवल सदर अस्पताल रेफर किया गया. इलाज के दौरान विकास कुमार (5 वर्ष) और मोहित कुमार (3 वर्ष) की मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से बीमार निधि कुमारी की मौत मंगलवार शाम पटना में इलाज के क्रम में हो गई.

परिजनों के अनुसार दूध पिलाने के बाद तीनों बच्चों की हालत बिगड़ गई. बताया गया कि दूध पालीगंज अनुमंडल के खीरीपर गांव के ही रामबाबू महतो के घर से लाया गया था. मामले में फूड सेफ्टी विभाग की टीम को बुलाने की प्रक्रिया जारी है. मृतक बच्चों के पिता मोहन ठाकुर सूरत में नौकरी करते हैं, जबकि उनकी मां मीरा कुमारी बच्चों को लेकर अपने मायके रक्षाबंधन पर आई थीं. परिवार शादी समारोह की तैयारी कर रहा था, लेकिन घटना ने माहौल को मातम में बदल दिया.

