देवघर: बाबा बैद्यनाथ मंदिर थाना में गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे, सांसद मनोज तिवारी सहित छह लोगों पर मामला दर्ज किया गया है. यह मामला आदित्य वाहिनी के झारखंड प्रदेश महामंत्री और पंडा धर्मरक्षिणी सभा के पूर्व महामंत्री कार्तिकनाथ ठाकुर द्वारा लिखित आवेदन के आधार पर दर्ज हुआ.

कार्तिकनाथ ठाकुर के अनुसार, 2 अगस्त की रात करीब 9 बजे बाबा बैद्यनाथ मंदिर का जलार्पण बंद होने और कांचा चढ़ाने के बाद सांसद निशिकांत दुबे, सांसद मनोज तिवारी, कनिष्कांत दुबे, शेषाद्रि दुबे, मनोज तिवारी के सचिव और अभयानंद झा सहित अन्य लोग जबरन निकास द्वार से मझलाखंड में प्रवेश कर गए. इस दौरान सुरक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की भी हुई.
आरोप है कि गर्भगृह में पुरोहित और पुजारी द्वारा रोकने के बावजूद सभी अंदर चले गए, जिससे धार्मिक परंपरा और आस्था को ठेस पहुंची तथा सरकारी कार्य में बाधा डाली गई. इस मामले में कई धाराओं के तहत कांड संख्या 4/2025 दर्ज की गई है.
कल आ रहा हूं देवघर, गिरफ्तारी देने से पीछे नहीं हटूंगा: निशिकांत दुबे
इधर मामला दर्ज होने के बाद गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट के जरिये प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने लिखा है कि अगर इस तरह की बात है तो वह भी गिरफ्तारी देने से पीछे नहीं हटेंगे. उनके इस पोस्ट के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है. अब सबकी निगाहें पुलिस और सांसद निशिकांत दुबे पर टिकी हैं.

