जमशेदपुर: नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय के नर्सिंग विभाग द्वारा विश्व स्तनपान सप्ताह 2025 के अवसर पर एक दिवसीय सेमिनार का आयोजन किया गया. इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. एम.डी. वसीम उद्दीन और डॉ. मोनाली बनर्जी उपस्थित रहे.

सेमिनार का मुख्य विषय था— “स्तनपान को प्राथमिकता दें: स्थायी सहायता प्रणाली बनाएं.” इस विषय के अंतर्गत दोनों प्रमुख वक्ताओं सहित अन्य विशेषज्ञों ने भी अपने विचार साझा किए.
डॉ. वसीम ने कहा कि नवजात शिशुओं के लिए मां का दूध ही सर्वोत्तम और संपूर्ण पोषण है. उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने बच्चों को डिब्बाबंद दूध या बाजार में मिलने वाले विकल्पों पर निर्भर न करें और स्तनपान को प्राथमिकता दें.
कार्यक्रम में पोस्टर प्रेजेंटेशन और रंगोली प्रतियोगिता के विजेताओं की घोषणा भी की गई, जो सेमिनार से पहले आयोजित की गई थीं. विजेताओं को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया. इस अवसर पर कुलपति प्रो. डॉ. प्रभात कुमार पाणि, अकादमिक प्रकोष्ठ के अधिष्ठाता प्रो. दिलीप शोम, अनुशासन प्रकोष्ठ के अधिष्ठाता प्रो. नाजिम खान, परीक्षा नियंत्रक प्रो. मोईज़ अशरफ, विभिन्न संकायों के संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष, नर्सिंग विभाग सहित अन्य विभागों के विद्यार्थी और संकाय सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे.

