गुमला: जिले के कामडारा थाना क्षेत्र में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है. जहां चंगाबाड़ी ऊपरटोली जंगल में मंगलवार को पीएलएफआई उग्रवादियों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई. इस मुठभेड़ में 15 लाख का इनामी उग्रवादी मार्टिन केरकेट्टा मारा गया है.

गुमला एसपी हरिश बिन जमा को गुप्त सूचना मिली थी कि पीएलएफआई उग्रवादी इलाके में छिपे हैं. सूचना के आधार पर एक विशेष टीम गठित की गई. इसके बाद इलाके में सघन अभियान चलाया गया. जैसे ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा, उग्रवादियों ने फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने मोर्चा संभालते हुए मार्टिन केरकेट्टा को ढेर कर दिया.
घटनास्थल से एक हथियार भी बरामद किया गया है. मार्टिन केरकेट्टा पीएलएफआई संगठन का सक्रिय कमांडर था. उस पर कई जिलों में आपराधिक मामले दर्ज थे. झारखंड सरकार ने उस पर 15 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था. मुठभेड़ के बाद पुलिस ने इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है. अधिकारी पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं.

