आदित्यपुर/ Parmeshwar Gorai आदिवासी और वंचित समुदाय की अस्मिता, अधिकार और अस्तित्व के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर झारखंड राज्य की परिकल्पना को साकार करने वाले दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन पर झारखंडभर में शोक की लहर दौड़ गई है. आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह ने गुरूजी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है.

उन्होंने कहा कि राज्यसभा सांसद एवं झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन जी का निधन अत्यंत दुखद एवं पीड़ादायक है. वह न केवल झारखंड निर्माता थे, बल्कि युगपुरुष और हम सभी के मार्गदर्शक भी थे. उनका पूरा जीवन आदिवासियों, दलितों, पिछड़ों और समाज के कमजोर वर्गों को समर्पित था.
श्री सिंह ने कहा कि झारखंड और भारतीय राजनीति ने एक सच्चा जननायक खो दिया है. उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता. झारखंड आंदोलन को जीवंत दिशा देने वाले शिबू सोरेन आजीवन संघर्ष की मिसाल बने रहे. पूर्व उपाध्यक्ष ने ईश्वर से प्रार्थना की है कि स्वर्गीय दिशोम गुरु को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और उनके परिजनों, समर्थकों एवं समस्त झारखंडवासियों को इस अपार दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें.

