जमशेदपुर: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री, राज्यसभा सांसद और झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन पर खालसा हाई एवं मिडिल स्कूल बर्मामाइंस में शोकसभा आयोजित की गई.

इस अवसर पर गुरुद्वारा कमेटी के पदाधिकारी, स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाएं और विद्यार्थी उपस्थित रहे.
शोकसभा में स्कूल के उप सचिव एवं युवा नेता सरदार सतबीर सिंह सोमू ने झारखंड मुक्ति मोर्चा के गठन, अलग राज्य आंदोलन और मुख्यमंत्री के रूप में शिबू सोरेन की भूमिका पर प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि दिशोम गुरु ने सभी वर्गों को साथ लेकर झारखंड के विकास की नींव रखी और वे राज्य की आत्मा एवं अस्मिता के प्रतीक बन गए.

गुरुद्वारा कमेटी के प्रधान सविंदर सिंह, महासचिव जोगा सिंह और चेयरमैन गुरदयाल सिंह ने भी स्वर्गीय नेता के योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की. मौके पर दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई.
कार्यक्रम में गुरदयाल सिंह, हरभजन सिंह, स्कूल सचिव सुखपाल सिंह, उप सचिव सतबीर सिंह सोमू, रविन्द्र सिंह, दलविंदर सिंह, परमजीत सिंह, परविंदर कौर, प्रिंसिपल संजय सिंह और शिक्षिका रोशनी कुमारी सहित अन्य लोग उपस्थित थे.

