जमशेदपुर/ Afroz Mallik खासमहल क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ जिला प्रशासन सख्त रुख अपना चुका है. 4 अगस्त को प्रखंड कार्यालय से लेकर कारगिल चौक होते हुए शौकत खान चौक तक सभी अवैध अतिक्रमण को हटाने का अभियान चलाया जाएगा. इस अभियान के लिए जिला प्रशासन ने जमशेदपुर अंचल अधिकारी को निर्देशित किया है.

अंचल अधिकारी ने पूरे इलाके में चोगा लगाकर मुनादी करवाई है और लोगों को तीन दिनों की मोहलत दी है. उन्हें स्पष्ट कहा गया है कि जो लोग स्वेच्छा से अपने अतिक्रमण को नहीं हटाएंगे, उनका अतिक्रमण 4 अगस्त को सुबह 10 बजे से बलपूर्वक हटाया जाएगा. प्रशासन ने यह भी चेतावनी दी है कि यदि कोई व्यक्ति अतिक्रमण हटाने में बाधा डालता है या इसका विरोध करता है, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. साथ ही, अगर किसी ने तोड़फोड़ के बाद फिर से अतिक्रमण किया, तो उसे भी कानून के दायरे में लाया जाएगा.
इस पूरे अभियान की निगरानी के लिए जिला प्रशासन ने जमशेदपुर के आरईओ ऑफिस के विकास कुमार केसरी को दंडाधिकारी नियुक्त किया है. वहीं, बड़ी संख्या में पुलिस बल की भी तैनाती की जाएगी ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो. प्रशासन का यह कदम शहर को अतिक्रमण मुक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है.

