सरायकेला: जिले में हो रहे सड़क दुर्घटनाओं को लेकर उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ट्रैफिक पुलिस ने सख़्ती बढ़ा दी है. जहां ट्रैफिक पुलिस जागरूकता के साथ- साथ नियम विरुद्ध वाहन लेकर चल रहे लोगों से जुर्माना भी वसूल रही है. इसी कड़ी में शुक्रवार को ट्रैफिक पुलिस ने जिले के चिन्हित ब्लैक स्पॉट जोन पर अभियान चलाते हुए कुल 98 हजार 500 रूपये का जुर्माना वसूला.

इसके तहत बिना बीमा के वाहन चलाते पांच लोगों से, बिना लाइसेंस के वाहन चलाते एक व्यक्ति से, बिना हेलमेट के वाहन चलाते सत्रह लोगों से, बिना सीट बेल्ट के वाहन चलाते 39 लोगों से, प्रतिबंधित बम्फर प्रयोग करते वाहन से एक, बिना परमिट के वाहन चलाते एक, मोबाईल से बात करते चार, आदेश का उल्लंघन कर वाहन चलाते नौ लोगों से और प्रदूषण मामले में चार लोगों से ऑनलाइन और ऑफलाइन मोड में कल 81 चालान के जरिए यह जुर्माना वसूला गया. ट्रैफिक प्रभारी अजय कुमार तिवारी ने बताया कि यह अभियान नियमित रूप से जारी रहेगा. उन्होंने वाहन चालकों से सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करते हुए वाहन लेकर सड़क पर निकलने की अपील की.

