जमशेदपुर/ Afroz Mallik टाउन हॉल, सिदगोड़ा में आकांक्षी जिला एवं ब्लॉक कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को ‘संपूर्णता अभियान सम्मान समारोह’ का आयोजन किया गया. यह आयोजन पूर्वी सिंहभूम जिला एवं मुसाबनी प्रखंड को नीति आयोग द्वारा सिल्वर मेडल से सम्मानित किए जाने के उपलक्ष्य में किया गया.

कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी एवं अन्य पदाधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर किया. उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि सभी पदाधिकारियों और कर्मियों के सामूहिक प्रयास, समर्पण और सतत मेहनत का परिणाम है.

पूर्वी सिंहभूम को जिन पांच सूचकों में सैचुरेशन मिला, उनमें शामिल हैं—गर्भवती एवं धात्री माताओं के बीच पोषाहार वितरण, सॉयल हेल्थ कार्ड वितरण, बच्चों का टीकाकरण, माध्यमिक विद्यालयों का विद्युतीकरण और सरकारी स्कूलों के बच्चों को एक माह के भीतर पुस्तकें उपलब्ध कराना. वहीं, मुसाबनी प्रखंड को एएनसी जांच, पोषाहार वितरण, सॉयल हेल्थ कार्ड, डायबिटीज और हाइपरटेंशन स्क्रीनिंग जैसे पांच सूचकों में पूर्णता के लिए सम्मान मिला.

इस अवसर पर उपायुक्त ने बीडीओ मुसाबनी अदिति गुप्ता को सिल्वर मेडल प्राप्त होने पर सम्मानित किया. साथ ही बेहतर कार्य के लिए बीडीओ बहरागोड़ा केशव भारती, बीडीओ जमशेदपुर सदर सुमित प्रकाश, बीडीओ बोड़ाम किकू महतो, बीडीओ घाटशिला यूनिका शर्मा, पिरामल फेलोज अभिषेक झा, रिया कुमारी, शशि भूषण प्रसाद, वंदना मौर्य सहित कुल 110 फ्रंटलाइन वर्करों और कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया.
अपने संबोधन में उपायुक्त ने कहा कि सैचुरेशन एक सतत प्रक्रिया है और इसका उद्देश्य यही होना चाहिए कि कोई भी पात्र नागरिक बिना देरी योजनाओं से वंचित न रहे. उन्होंने कहा कि हर अधिकारी और कर्मी को चाहिए कि संवेदनशीलता और तत्परता के साथ जनता की समस्याओं का समाधान करें और किसी भी योग्य व्यक्ति को उसके अधिकार से वंचित न होने दें.
कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि गुंजन यादव, निदेशक एनईपी संतोष गर्ग, सिविल सर्जन डॉ साहिर पाल, उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार, जिला योजना पदाधिकारी मृत्युंजय कुमार, डीआईओ किशोर प्रसाद, जनसम्पर्क पदाधिकारी पंचानन उरांव सहित कई अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे.

