जमशेदपुर/ Afroz Mallik समाहरणालय सभागार में शुक्रवार को उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में एमजीएम अस्पताल के सुचारू संचालन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में अस्पताल के पुराने भवन से नई इकाइयों में उपकरणों की शिफ्टिंग, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता, मरीजों की सुविधा और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को लेकर विस्तार से चर्चा की गई.

उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि पुराने भवन में जो भी जरूरी उपकरण बचे हैं, उनकी शीघ्र शिफ्टिंग सुनिश्चित की जाए ताकि अस्पताल परिसर का समुचित उपयोग हो सके. उन्होंने कहा कि ओपीडी और आपातकालीन सेवाओं में मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए स्टाफ की नियमित उपस्थिति और समन्वय जरूरी है.
बैठक के दौरान उपायुक्त ने अस्पताल में उपलब्ध दवाओं, ऑक्सीजन, बेड, वेंटिलेटर जैसी सुविधाओं की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली. उन्होंने चिकित्सकों, नर्सों और स्वास्थ्यकर्मियों की नियमित उपस्थिति और जवाबदेही पर जोर देते हुए कहा कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण सेवा मिले, यह हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है.
उपायुक्त ने कहा कि एमजीएम अस्पताल में हर दिन बड़ी संख्या में मरीज इलाज की उम्मीद लेकर आते हैं. ऐसे में यह सुनिश्चित किया जाए कि अस्पताल की सेवाएं न केवल समयबद्ध और सुलभ हों, बल्कि स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण भी मरीजों को मिले.
बैठक में निदेशक एनईपी, सिविल सर्जन, एमजीएम कॉलेज एवं अस्पताल के प्राचार्य, अधीक्षक, उपाधीक्षक, निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि और स्वास्थ्य विभाग के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे.

