जमशेदपुर/ Afroz Mallik पार्वती घाट बस्ती निवासी 21 वर्षीय राहुल कालिंदी अपनी होने वाली पत्नी आरती कालिंदी के साथ सोमवार सुबह से लापता है. दोनों के मोबाइल फोन स्विच ऑफ हैं. राहुल पार्वती घाट श्मशान में शवों का अंतिम संस्कार करने का कार्य करता है. उसकी शादी शिवरात्रि के बाद आदित्यपुर मीरूडीह निवासी आरती कालिंदी से तय हुई थी.

परिजनों के मुताबिक सोमवार सुबह करीब 7 बजे राहुल और आरती ने चांडिल के जोयदा मंदिर में पूजा करने जाने की बात कही और घर से निकले. इसके बाद से दोनों घर नहीं लौटे. राहुल की मां नागु कालिंदी ने जुगसलाई थाने में अपने बेटे की गुमशुदगी की लिखित शिकायत दर्ज कराई है. वहीं आरती के परिवार वालों ने आरआईटी थाना में रिपोर्ट दी है. परिवार के अनुसार आरती हर सोमवार को जुगसलाई पूजा करने आती थी और राहुल उसे उसके घर छोड़ने जाता था. इस बार दोनों एकसाथ मंदिर जाने की बात कहकर निकले थे. थाने में शिकायत दर्ज होते ही पुलिस ने खोजबीन शुरू कर दी है. हालांकि मंगलवार देर शाम तक दोनों के बारे में कोई सुराग नहीं मिल सका है. परिजन चिंतित हैं और किसी अनहोनी की आशंका जता रहे हैं. पुलिस दोनों के कॉल डिटेल्स और लोकेशन के आधार पर जांच में जुटी है.

