चाईबासा/ Jayant Pramanik पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुआ प्रखंड में किसानों की शिकायत पर कृषि विभाग हरकत में आ गया है. किसानों ने शिकायत की थी कि कुछ दुकानदार सरकारी दरों से अधिक कीमत पर डीएपी और यूरिया बेच रहे हैं.

इस मामले को गंभीरता से लेते हुए मंगलवार दोपहर को सोनुआ के प्रभारी कृषि पदाधिकारी अर्थभंजन प्रधान ने सोनुआ बाजार स्थित तीन रासायनिक खाद दुकानों का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने दुकानों में उपलब्ध डीएपी और यूरिया की कीमत की जांच की. साथ ही मौके पर खाद खरीद रहे किसानों से भी बातचीत कर स्थिति की जानकारी ली. कृषि पदाधिकारी ने दुकानदारों को सख्त निर्देश दिया कि वे तय दर से अधिक मूल्य पर खाद न बेचें. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई दुकानदार तय दर से अधिक मूल्य पर खाद बेचता है, तो उसका लाइसेंस रद्द किया जा सकता है. प्रभारी कृषि पदाधिकारी ने जानकारी दी कि सरकार द्वारा डीएपी की दर प्रति बोरी 1350 रुपये और यूरिया की दर प्रति बोरी 266 रुपये तय की गई है. यदि किसी दुकानदार द्वारा इन दरों से अधिक मूल्य मांगा जाए तो किसान सीधे उनके मोबाइल नंबर 87977 30893 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं. कृषि विभाग की यह कार्रवाई किसानों को राहत देने वाली है और इससे दुकानदारों में भी अनुशासन बना रहेगा.

