बोकारो: सावन की तीसरी सोमवारी के मौके पर दामोदर नदी में चास के चिरका धाम जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी थी. इसी दौरान येलमोचो ब्रिज के पास तीन युवक वीडियो बनाने के चक्कर में नदी में कूद पड़े.

नदी की तेज धार में तीनों युवक बहने लगे. यह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद लोगों के बीच हड़कंप मच गया. गनीमत रही कि प्रशासन द्वारा तैनात गोताखोरों की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो युवकों को किनारे से सुरक्षित निकाल लिया. वहीं, तीसरा युवक काफी दूर बह चुका था, लेकिन गोताखोरों की सूझबूझ और साहस ने उसकी जान बचा ली.
जिला प्रशासन ने झारखंड में जारी भारी बारिश और मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए पहले ही सतर्कता बरतने की अपील की थी. दामोदर नदी में लगातार जलस्तर बढ़ा हुआ है. इसी कारण सोमवार को तेलमोचो ब्रिज के पास कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के तहत गोताखोरों की टीम को तैनात किया गया था. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि सावधानी बरतें और नदी किनारे न जाएं.

