गिरिडीह: जिले में एक बार फिर भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की टीम ने दबिश दी है. इस बार एसीबी की रडार पर सरकारी कर्मचारी प्रदीप गोस्वामी आ गए हैं. सोमवार की सुबह एसीबी की टीम ने पंजाबी मुहल्ला स्थित उनके घर पर छापेमारी की.

बताया गया कि प्रदीप गोस्वामी पहले जिला स्थापना शाखा में पदस्थापित थे. इसके बाद उनका तबादला पीरटांड प्रखंड कार्यालय में किया गया था. सुबह लगभग 5 गाड़ियों में सवार एसीबी की टीम उनके घर पहुंची और चारों ओर से घेराबंदी कर छापेमारी शुरू की. घर के बाहर सुरक्षाबलों को भी तैनात किया गया है ताकि कोई व्यवधान न हो. सूत्रों के मुताबिक, प्रदीप गोस्वामी के खिलाफ पहले से ही आय से अधिक संपत्ति का मामला चल रहा है. ऐसे में एक बार फिर एसीबी की कार्रवाई को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है. हालांकि, एसीबी की टीम ने अब तक आधिकारिक तौर पर कोई बयान नहीं दिया है. टीम का कहना है कि जांच अभी जारी है. इस छापेमारी से सरकारी कार्यालयों में काम करने वाले कई कर्मियों में हड़कंप मच गया है.

