सरायकेला/ Pramod Singh एक ओर नगर पंचायत क्षेत्र में ‘आई लव सरायकेला’ का डिजिटल बोर्ड चमक रहा है, वहीं दूसरी ओर नगर क्षेत्र के कई हिस्सों के लोग बुनियादी सुविधाओं के अभाव में नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं.

ऐसा ही एक मामला सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्र की एम दास कॉलोनी से सामने आया है. यहां वर्षों से नाली की सफाई नहीं की गई है. नतीजतन गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है. कॉलोनी के लोग रोज इसी गंदगी से होकर गुजरने को विवश हैं.

स्थानीय लोगों ने बताया कि वे कई बार नगर पंचायत कार्यालय को शिकायत कर चुके हैं, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया. बरसात के दिनों में यह समस्या और भी गंभीर हो जाती है. हल्की बारिश में भी नाली ओवरफ्लो होकर सड़क पर फैल जाती है, जिससे सड़कें कीचड़ और दुर्गंध से भर जाती हैं.
लोगों ने सवाल उठाया है कि नगर पंचायत विकास के नाम पर डिजिटल बोर्ड तो लगा रही है, लेकिन आम जनता की मूलभूत समस्याओं पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा. सवाल यह भी है कि आखिर नगर पंचायत इन उपेक्षित क्षेत्रों की सुध कब लेगी और लोगों को गंदे पानी से कब राहत मिलेगी ?

