चाईबासा/ Jayant Pramanik झारखंड के दूसरे बाबाधाम के रूप में प्रसिद्ध महादेवशाल धाम में तीसरी सोमवारी को जलार्पण के लिए श्रद्धालुओं और कांवरियों की भीड़ उमड़ पड़ी है. चाईबासा के गोईलकेरा स्थित इस पावन स्थल पर जलार्पण और पूजा- अर्चना के लिए रविवार सुबह से ही हजारों कांवरिया चक्रधरपुर के विंजय नदी घाट और मुक्ति धाम घाट से जल भरकर पदयात्रा पर निकल पड़े.

कोल्हान के विभिन्न इलाकों से जुटे श्रद्धालु करीब 40 किलोमीटर लंबी पदयात्रा तय करते हुए सोनुआ और गोईलकेरा होते हुए महादेवशाल धाम की ओर बढ़ रहे हैं. कांवरियों का उत्साह और आस्था देखते बन रही है. पूरे मार्ग में बोल- बम और हर- हर महादेव के जयघोष से माहौल भक्तिमय हो गया है. महादेवशाल धाम में तीसरी सोमवारी पर लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए हैं. जगह- जगह चिकित्सा शिविर, पानी की व्यवस्था और पुलिस बल की तैनाती की गई है. कांवरियों की सुविधा के लिए सामाजिक और धार्मिक संगठनों द्वारा भी भंडारा और विश्राम स्थलों की व्यवस्था की गई है.

