चाईबासा/ Jayant Pramanik पश्चिमी सिंहभूम जिला अंतर्गत चाईबासा के जेवियर नगर स्थित संयुक्त कृषि भवन में ट्रैक्टर एवं सहायक कृषि यंत्रों का वितरण किया गया. यह कार्यक्रम कृषि पशुपालन एवं सहकारिता विभाग-झारखंड (भूमि संरक्षण निदेशालय) के तत्वावधान में संपन्न हुआ.


मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड सरकार के मंत्री दीपक बिरुवा मौजूद रहे. उनके साथ विशिष्ट अतिथि निरल पुरती (विधायक- मंझगांव), जिला परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सुरेन और उपायुक्त चंदन कुमार उपस्थित थे. कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई. इसके पश्चात मुख्यमंत्री ट्रैक्टर योजना के तहत महिला किसान समूहों के बीच ट्रैक्टर एवं कृषि यंत्रों का वितरण किया गया.
मंत्री दीपक बिरुवा ने कहा कि महिला सशक्तिकरण समाज सशक्तिकरण की कुंजी है. ट्रैक्टर और यंत्रों के वितरण से महिला किसान आत्मनिर्भर बनेंगी.
वहीं विधायक निरल पुरती ने कहा कि झारखंड सरकार की योजनाएं ग्रामीण महिलाओं को कृषि क्षेत्र में मजबूती दे रही हैं. इससे रोजगार के नए अवसर बन रहे हैं.
उपायुक्त चंदन कुमार ने कहा कि कृषि यंत्र बैंक के गठन से छोटे किसान भी कम लागत में यंत्रों का उपयोग कर सकेंगे. उन्होंने महिला किसानों को ट्रैक्टर चलाना सीखने और दूसरों को प्रेरित करने का आह्वान किया.
कार्यक्रम के दौरान 12 महिला समूहों को 50% अनुदा
न पर ट्रैक्टर और 80% अनुदान पर रोटावेटर, कल्टीवेटर, पैडी थ्रेसर वितरित किए गए. साथ ही 5 लाभुकों को 90% अनुदान पर पंप सेट दिया गया. इस अवसर पर जिला कृषि पदाधिकारी, जिला भूमि संरक्षण पदाधिकारी, जिला उद्यान पदाधिकारी सहित कई अधिकारी और महिला किसान मौजूद रहीं.

