वैशाली: सावन की तीसरी सोमवारी के मौके पर वैशाली जिले के भगवानपुर विशुनपुर बांदे गांव से अनोखी आस्था देखने को मिली है. यहां के 60 कांवरिए 331 फीट लंबी कांवर लेकर बाबा गरीबनाथ मंदिर, मुजफ्फरपुर के लिए रवाना हुए हैं. इन कांवरियों के साथ 40 अन्य शिवभक्त भी सहयोगी के रूप में शामिल हैं. कुल 100 शिवभक्तों का यह जत्था पहलेजा घाट से उत्तरवाहिनी गंगा जल लेकर नंगे पांव यात्रा कर रहा है.

इस विशेष कांवर का निर्माण शिव भक्त महेश गुप्ता के मार्गदर्शन में किया गया है. उन्होंने बताया कि बीते पांच वर्षों से लगातार कांवर यात्रा कर बाबा का जलाभिषेक करते आ रहे हैं. इस बार ग्रामीणों के सहयोग से 331 फीट लंबी कांवर का निर्माण किया गया, जिस पर लगभग 1 लाख 50 हजार रुपये की लागत आई है. पहलेजा घाट से बाबा गरीबनाथ मंदिर तक की दूरी लगभग 70 किलोमीटर है. कांवरियों के नंगे पांव इस लंबे सफर ने लोगों की श्रद्धा और उत्साह को और अधिक बढ़ा दिया है. कांवर पथ पर भक्तों की भीड़ इस अनोखी कांवर को देखने के लिए जुट रही है. हाजीपुर की एक महिला श्रद्धालु ने कहा कि जीवन में पहली बार इतनी लंबी कांवर देखी है. यह एक अद्भुत अनुभव है. कांवर का नेतृत्व कर रहे महेश भगत ने बताया कि यात्रा पूरी तरह शांतिपूर्ण, भक्तिमय और अनुशासित तरीके से हो रही है. पूरे कांवर पथ पर बोल बम के जयघोष से माहौल भक्तिमय बना हुआ है.

