जामताड़ा: जिले के मिहिजाम थाना क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने दो कुख्यात अपराधियों को देशी पिस्तौल और पांच जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार अपराधियों की पहचान बिहार निवासी युवराज यादव उर्फ युवराज सिंह और मुकेश कुमार के रूप में हुई है, जो फिलहाल मिहिजाम में रह रहे थे.

एसपी राजकुमार मेहता के निर्देश पर मिहिजाम थाना प्रभारी के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने यह कार्रवाई की. पुलिस के अनुसार युवराज यादव उर्फ युवराज सिंह मिहिजाम थाना क्षेत्र के कई संगीन मामलों में पूर्व से नामजद है. पुलिस का कहना है कि हाल ही में रूपनारायणपुर में हुई एक बड़ी घटना में भी उनकी संलिप्तता की जांच की जा रही है. प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ है कि दोनों किसी व्यक्ति की हत्या की साजिश रच रहे थे. फिलहाल पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है. इन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है. इस प्रेस वार्ता में एडीपीओ विकास आनंद लगोरी, मिहिजाम थाना प्रभारी विवेकानंद दुबे, राजेश मंडल समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे.

