चाईबासा/ Jayant Pramanik पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर प्रखंड के चैनपुर पंचायत के चंद्री गांव निवासी राजेश महतो (24 वर्ष) का पार्थिव शरीर बुधवार को बेंगलुरु से उनके गांव लाया जाएगा. मालूम हो कि राजेश महतो का निधन 21 जुलाई को बेंगलुरु के राजा राजेश्वरी मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में इलाज के दौरान हो गया था.

परिवार के आर्थिक स्थिति को देखते हुए आजसू नेता अमित महतो ने पार्थिव शरीर को गांव लाने में मदद की है. राजेश महतो बेंगलुरु के बिगवेल इंसेंस कंपनी में मजदूर के तौर पर काम करते थे. दो- तीन दिनों से बुखार व शरीर में दर्द की शिकायत के बाद उन्हें हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, जहां इमर्जेंसी में शिफ्टिंग के दौरान उनकी मौत हो गई.
अमित महतो के अनुरोध पर आजसू नेता हरेलाल महतो ने रांची एयरपोर्ट से चंद्री गांव तक नि:शुल्क एम्बुलेंस की व्यवस्था करवाई है. इस घटना से पूरे गांव और परिवार में मातम छा गया है. राजेश महतो के माता- पिता गरीब किसान हैं. उनके भाई राकेश महतो और रिश्तेदारों ने इलाज व कागजी कार्रवाई में मदद की. अमित महतो ने जिला प्रशासन से परिवार को आर्थिक सहयोग का निवेदन किया है. साथ ही पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो को भी पत्र के माध्यम से घटना की जानकारी दी गई है. कंपनी से आर्थिक मदद की मांग की गई है लेकिन अबतक कोई सकारात्मक जवाब नहीं मिला है.

