सरायकेला: पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर खरसावां थाना प्रभारी गौरव कुमार के नेतृत्व में सोमवार को भाटी चौक के पास वाहन जांच अभियान चलाया गया. इस दौरान पुलिस ने रोड टैक्स, इंश्योरेंस, पॉल्यूशन सर्टिफिकेट, ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन के ओनर बुक की जांच की. साथ ही ब्रेथ एनालाइजर से ड्रंक एंड ड्राइव की भी जांच की गई.

अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करते पकड़े गए दो बाइक को जब्त किया गया. कई वाहन चालकों को आवश्यक कागजात नहीं होने पर कड़ी चेतावनी देकर छोड़ा गया. थाना प्रभारी गौरव कुमार ने कहा कि बाइक चलाते समय हेलमेट और कार चलाते समय सीट बेल्ट का उपयोग अनिवार्य है. उन्होंने वाहन चालकों को सभी जरूरी दस्तावेज साथ रखने और नियमों का पालन करने की सलाह दी. थाना प्रभारी गौरव कुमार ने कहा कि शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. सड़क पर वाहन चलाने के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है. आगे भी यह अभियान नियमित रूप से जारी रहेगा ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण पाया जा सके और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके.

