गढ़वा: जिले में एक ऐसा अधिकारी चर्चा में है जो न्याय करने के बजाय अन्याय कर रहा है. कभी रैयत को घूस का पैसा वापस मांगने पर पीटने के लिए दौड़ता है तो कभी वृद्ध फरियादियों से गाली गलौज करता है. अब इस मामले की जांच डीसी के निर्देश पर की जा रही है.

गढ़वा उपायुक्त दिनेश कुमार यादव के निर्देश पर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार पांडेय ने शनिवार को मझिआंव के अंचल पदाधिकारी प्रमोद कुमार पर 78 वर्षीय बुजुर्ग से दुर्व्यवहार और मारपीट करने के आरोपों की जांच की. तलसबरिया पंचायत अधौरा गांव निवासी 78 वर्षीय मंजूर अहमद खान ने आरोप लगाया कि भूमि दाखिल खारिज से जुड़े पुराने दस्तावेज के आरटीआई मांगने पर सीओ प्रमोद कुमार ने उनके साथ गाली गलौज कर अपमानित किया और मारपीट की.
मंजूर अहमद खान और उनके पुत्र ने बताया कि वे भूमि मापी का आवेदन लेकर सीओ के पास गए थे, लेकिन सीओ ने आवेदन देखने के बजाय उन्हें ऑफिस में बैठाकर गालियां दी और मारा. बुजुर्ग का आरोप है कि उन्होंने 1971 के दाखिल खारिज दस्तावेज की आरटीआई मांगी थी, जिससे सीओ पहले से नाराज थे. इससे पहले भी 20 जून को रैयत नारबिंद कुमार और श्याम बिहारी साव ने आरोप लगाया था कि काम नहीं होने पर जब उन्होंने 50 हजार रुपये घूस वापस मांगा तो सीओ ने उन्हें सड़क पर दौड़ाकर पीटा. इसका वीडियो भी वायरल हुआ था. एसडीएम संजय पांडेय ने दोनों पक्षों का बयान दर्ज किया. उन्होंने बताया कि पूर्व और वर्तमान अंचलाधिकारी पर बुजुर्ग को अपमानित करने का आरोप है, मामले की जांच की जा रही है.

