आदित्यपुर/ Parmeshwar Gorai थाना क्षेत्र में घर का ताला तोड़कर गहना और अन्य सामानों की चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है. पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इनके पास से चांदी, तांबा, पीतल के बर्तन, मूर्तियां, आर्टिफिशियल ज्वेलरी और अन्य चोरी का सामान बरामद किया गया है.

बताया गया कि 12 जुलाई को बैंक कॉलोनी, मांझी टोला निवासी विपिन पाल के आवेदन पर मामला दर्ज किया गया था. जांच के बाद थाना प्रभारी विनोद तिर्की के नेतृत्व में छापामारी कर राजू लोहार, रोहित दास, अंकित हेसा, वीरेन्द्र प्रसाद और मो. फारुक को गिरफ्तार किया गया. इनमें राजू लोहार का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है.
बरामद सामानों में शामिल हैं
चांदी का गिलास, प्लेट, तांबे का दीपक और प्लेट, आर्टिफिशियल हार सेट, पीतल के गिलास, लक्ष्मी और गणेश जी की मूर्तियां, तांबा का लोटा, नटराज की मूर्ति, एलुमीनियम की ओखली, गैस चूल्हे के बर्नर, पूजा की घंटी समेत कई अन्य सामान शामिल हैं. सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. छापामारी दल में आदित्यपुर थाना के कई पदाधिकारी और पुलिस बल शामिल थे.

