सरायकेला/ Pramod Singh बुधवार को पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने अपने कार्यालय कक्ष में क्राइम मीटिंग आयोजित की. बैठक में सभी थाना प्रभारियों समेत पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे. क्राइम मीटिंग के दौरान एसपी ने थानावार अपराधों की समीक्षा की और उनके शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया.

उन्होंने जून माह में हुए अपराधों की विस्तृत समीक्षा कर लंबित मामलों का त्वरित उद्भेदन करने के लिए दिशा-निर्देश दिए. जनवरी से जून तक जिले के विभिन्न थानों में दर्ज चोरी, डकैती और लूट के मामलों की भी समीक्षा की गई.
एसपी ने मादक और नशीले पदार्थों, विशेषकर ब्राउन शुगर की बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों को और तेज करने का आदेश दिया. उन्होंने कहा कि चिह्नित अपराधियों के खिलाफ निगरानी प्रस्ताव जल्द भेजे जाएं और अवैध शराब के खिलाफ लगातार छापेमारी अभियान चलाया जाए. बैठक में बलात्कार व पॉक्सो एक्ट के मामलों का 60 दिनों के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने, चिह्नित अपराधकर्मियों के खिलाफ सीसीए व बेल कैंसिलेशन प्रस्ताव भेजने, पासपोर्ट सत्यापन पांच दिनों के अंदर पूर्ण करने और डायल 112 पर प्राप्त शिकायतों पर 15 मिनट के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. एसपी ने कहा कि पुलिस-पब्लिक के बीच आपसी विश्वास को और मजबूत किया जाए, ताकि अपराध नियंत्रण के प्रयासों को जनसमर्थन मिल सके. बैठक में एसडीपीओ समीर सावैयां, एसडीपीओ चांडिल अरविंद बिन्हा समेत सभी थाना प्रभारी और अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित थे.



