जमशेदपुर: नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय के एमबीए विभाग की छात्रा रिशु रंजन ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है. 2022-24 सत्र की छात्रा रिशु का चयन पंजाब नेशनल बैंक में मार्केटिंग ऑफिसर के पद पर हुआ है. रिशु जमशेदपुर के गोलपहाड़ी निवासी सुमंत कुमार भारती की पुत्री हैं.

इस पद के लिए इंस्टिट्यूट ऑफ बैंकिंग पर्सनल सिलेक्शन (IBPS) द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर प्रतियोगी परीक्षा आयोजित की गई थी. लिखित परीक्षा और साक्षात्कार की प्रक्रिया पूरी करने के बाद रिशु का अंतिम चयन हुआ. उन्हें 10 लाख रुपये वार्षिक वेतनमान पर नियुक्त किया गया है. फिलहाल उन्हें लुधियाना स्थित पीएनबी संस्थान में तीन माह के प्रशिक्षण के लिए भेजा जाएगा. इसके बाद देशभर में संचालित बैंक के किसी भी जोनल ऑफिस में पोस्टिंग दी जाएगी. रिशु की सफलता पर परिवार में खुशी का माहौल है. उनके पिता सुमंत कुमार भारती ने कहा कि बेटी की सफलता का श्रेय उसके दृढ़ संकल्प, परिश्रम और विश्वविद्यालय के शिक्षकों के मार्गदर्शन को जाता है. उन्होंने कहा कि रिशु हमेशा पढ़ाई में होशियार रही है और उन्हें विश्वास था कि बेटी एक दिन सफलता अवश्य प्राप्त करेगी. इस अवसर पर विश्वविद्यालय में मंगलवार को रिशु और उनके परिवार का सम्मान किया गया. कुलपति प्रो. डॉ. प्रभात कुमार पाणि और डीन प्रो. दिलीप शोम ने स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया. कुलपति ने कहा कि रिशु की सफलता पूरे विश्वविद्यालय के लिए गर्व का विषय है. इससे अन्य विद्यार्थी भी प्रेरित होंगे. कुलसचिव नागेंद्र सिंह ने विद्यार्थियों से कहा कि वे उपलब्ध अवसरों का पूरा लाभ उठाएं और अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करें. उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन हरसंभव सहायता देने के लिए तत्पर है.



