रांची: जिले के पंडरा ओपी क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह दो बाइक सवार अपराधियों ने दिनदहाड़े छिनतई की घटना को अंजाम दिया. अपराधियों ने महिला के गले से सोने की चेन लपक ली और फरार हो गए. यह पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है.

विज्ञापन
घटना जनक नगर की है. यहां की रहने वाली महिला बेबी देवी सावन के पहले दिन पूजा करने के लिए मंदिर जा रही थीं. तभी बाइक सवार दो स्नैचर्स तेजी से आए और उनके गले से सोने की चेन झपट कर फरार हो गए. छिनतई के बाद महिला ने शोर मचाया. लेकिन जब तक मोहल्ले के लोग बाहर निकलते, तब तक दोनों स्नैचर्स भाग चुके थे. सीसीटीवी फुटेज में स्नैचर्स की पूरी तस्वीर कैद हो गई है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान करने में जुट गई है. फिलहाल घटना से इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है.

विज्ञापन
