सरायकेला/ Pramod Singh राजकीय छऊ नृत्य कला केंद्र भवन की जर्जर स्थिति और लगातार टपकते पानी के कारण कलाकारों का नृत्य अभ्यास प्रभावित हो गया है. कला केंद्र के मुख्य भवन, नृत्य स्टेज, ग्रीन रूम और निर्देशक कक्ष की छत से पानी टपक रहा है, जिससे अभ्यास के दौरान कलाकारों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.

परिसर में जल निकासी की कोई व्यवस्था नहीं
परिसर में जल निकासी की कोई व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश के समय पूरा क्षेत्र पानी से भर जाता है और लोगों को ईंटों पर पैर रखकर गुजरना पड़ता है. बताया गया है कि भवन रिनोवेशन कार्य के लिए संविदा प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है, लेकिन अब तक संवेदक द्वारा कार्य प्रारंभ नहीं किया गया है.
नगर पंचायत पर लगाए आरोप
नगर पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने स्थिति पर नाराजगी जताते हुए कहा कि कला केंद्र का पूरा परिसर जर्जर अवस्था में है और यहां कभी भी दुर्घटना हो सकती है. उन्होंने नगर पंचायत को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि यह संस्था केवल टैक्स वसूली तक सीमित रह गई है, जबकि नगरवासियों को कोई सुविधा नहीं दी जा रही है.
जल्द मरम्मत कार्य प्रारंभ नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
पूर्व उपाध्यक्ष ने कहा कि यदि जल्द मरम्मत कार्य प्रारंभ नहीं हुआ तो जिला प्रशासन के खिलाफ जोरदार आंदोलन किया जाएगा और इस मुद्दे पर किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा. उन्होंने कहा कि यह संस्थान सरायकेला की पहचान है और यहां के कलाकार विश्वभर में छऊ नृत्य का प्रतिनिधित्व करते हैं.
बाईट
मनोज कुमार चौधरी (पूर्व उपाध्यक्ष)

