नई दिल्ली: हज 2026 (इस्लामी वर्ष 1447 हिजरी) के लिए भारत सरकार के अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय और हज कमेटी ऑफ इंडिया द्वारा ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 7 जुलाई 2025 से शुरू कर दी गई है. इच्छुक हज यात्री हज कमेटी की आधिकारिक वेबसाइट www.hajcommittee.gov.in और HAJ SUVIDHA मोबाइल ऐप के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं.

आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2025 रात्रि 11:59 बजे निर्धारित की गई है.
सभी आवेदकों को सलाह दी गई है कि वे समय रहते अपना आवेदन फॉर्म भरें और आवश्यक दस्तावेज अपलोड करें. हज यात्रा के लिए आवेदक के पास मशीन-रीडेबल पासपोर्ट होना अनिवार्य है, जिसकी वैधता कम से कम 31 दिसंबर 2026 तक होनी चाहिए. एक बार आवेदन जमा करने के बाद केवल अत्यंत आपातकालीन स्थिति जैसे मृत्यु या गंभीर बीमारी में ही आवेदन निरस्त किया जा सकेगा. इस बार की हज प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल कर दी गई है, जिससे आवेदनकर्ताओं को अधिक सुविधा होगी. हज यात्रा इस्लामी श्रद्धालुओं के लिए एक महान धार्मिक कर्तव्य है. हर वर्ष लाखों मुसलमान मक्का की यात्रा पर जाते हैं. हज 2026 के लिए भारत से चयनित श्रद्धालु मई 2026 के अंतिम सप्ताह में मक्का रवाना होंगे.
हज कमेटी ऑफ इंडिया ने सभी इच्छुकों से अपील की है कि वे आवेदन करने से पूर्व हज गाइडलाइंस 2026 को ध्यानपूर्वक पढ़ें और सत्यापन हेतु सभी दस्तावेज़ साथ में रखें. अधिक जानकारी के लिए हज कमेटी ऑफ इंडिया की हेल्पलाइन [022-22107070] पर संपर्क करें या ईमेल करें hajcommittee@nic.in पर.
वेबसाइट www.hajcommittee.gov.in पर भी विवरण उपलब्ध है.

