चांडिल/ Afroz Mallik अनुमंडल के कपाली क्षेत्र के विभिन्न मोहल्लों में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या स्थानीय लोगों के लिए खतरे की घंटी बन गई है. खासकर महिलाएं और स्कूली बच्चे कुत्तों के आतंक से भयभीत हैं.

स्थानीय निवासियों ने बताया कि कई बार सुबह स्कूल जाते वक्त कुत्तों ने बच्चों को दौड़ाया है. इस कारण बच्चों में भय का माहौल बना हुआ है. लोग बताते हैं कि ये कुत्ते झुंड में घूमते हैं और अक्सर बच्चे व राहगीरों के पीछे भागते हैं. इसकी वजह से कई लोग गिरकर घायल भी हो चुके हैं. कई महिलाओं और बच्चों ने अकेले बाहर निकलने से डरने की बात कही है. स्थानीय लोगों ने कपाली नगर प्रशासन से तत्काल संज्ञान लेने की मांग की है. उनका कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो कोई अप्रिय घटना घट सकती है. जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी. वहीं, स्थानीय समाजसेवी अकबर आलम उर्फ डब्ल्यू ने कहा कि आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए. स्कूल के रास्तों और बाजार क्षेत्र में नगर निकाय की नियमित निगरानी हो. कुत्तों की नसबंदी और टीकाकरण की प्रक्रिया तेज की जाए. उन्होंने सवाल किया कि प्रशासन कब जागेगा. क्या किसी बड़ी घटना के इंतजार में है.

