आदित्यपुर/ Parmeshwar Gorai सरायकेला- खरसावां जिला के आदित्यपुर थाना अंतर्गत टाटा- कांड्रा मुख्य मार्ग पर आदित्यपुर टोल प्लाजा के समीप रविवार देर रात गम्हरिया की ओर से आ रहे अनियंत्रित ट्रक ने चार गाड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया. जिससे चारों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं. वहीं ट्रक हाई टेंशन बिजली के पोल में जा टकराया.

वैसे इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है मगर सभी वाहन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हुए हैं. घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने ट्रक चालक को बंधक बना लिया और उसकी पिटाई शुरू कर दी. सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ से चालक को छुड़ाकर हिरासत में ले लिया. वैसे पुलिस को भीड़ का भी आक्रोश झेलना पड़ा. घटना के बाद सैकड़ो राहगीर सड़क पर जमा हो गए और विरोध प्रदर्शन करने लगे. समाचार लिखे जाने तक लोगों की भीड़ सड़क पर जमी रही. पुलिस आक्रोशित लोगों को समझने में जुटी रही. वहीं सभी दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जप्त कर आगे की कार्रवाई में जुटी है.

