चाईबासा/ Jayant Pramanik झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा की एक महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार को जुबली तालाब परिसर, चाईबासा में आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष करन महतो ने की. इस अवसर पर विगत दिनों कराईकेला एवं चाईबासा में आयोजित केंद्रीय अध्यक्ष सह डुमरी विधायक जयराम महतो की जनसभाओं की समीक्षा की गई. निर्णय लिया गया कि आगामी 8 जुलाई को एक विशेष समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी.

बैठक में यह भी तय किया गया कि एक प्रतिनिधिमंडल पश्चिमी सिंहभूम उपायुक्त के माध्यम से झारखंड के राज्यपाल को ज्ञापन सौंपेगा. ज्ञापन में नई शिक्षा नीति के अंतर्गत महाविद्यालयों में इंटरमीडिएट की पढ़ाई बंद करने के निर्णय पर विरोध दर्ज कराया जाएगा. मोर्चा ने कहा कि जब तक प्लस-टू स्कूलों में पर्याप्त शिक्षकों की नियुक्ति और बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था नहीं की जाती, तब तक महाविद्यालयों में इंटर की पढ़ाई जारी रखी जाए. संगठन ने इसे छात्र- छात्राओं के भविष्य से खिलवाड़ बताया. इसके अतिरिक्त मोर्चा ने सोनुआ बाजार में एलपीजी सिलेंडरों से लदे एक ट्रक द्वारा कुचले जाने से कोकुंवा गांव, सोनुआ की मादुई चाकी की मृत्यु पर गहरा शोक प्रकट किया.
पार्टी ने उपायुक्त को दिए ज्ञापन में पीड़ित परिवार को शीघ्र मुआवजा प्रदान करने की मांग की, साथ ही दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए पुलिस प्रशासन और परिवहन विभाग से ठोस कदम उठाने की अपील की. मोर्चा ने चेतावनी दी कि यदि मांगें नहीं मानी गईं, तो वह सड़क से लेकर प्रशासनिक कार्यालयों तक घेराव करेगा. बैठक में प्रमुख रूप से अधिवक्ता महेंद्र जामुदा, अधिवक्ता संजय देवगन, जिला उपाध्यक्ष हीरालाल हेम्ब्रम, युवा मोर्चा अध्यक्ष अजय कुमार महतो, उपाध्यक्ष संजय कुंकल, झारखंड बुआएं विरुली एसटी मोर्चा जिला अध्यक्ष डेबिट सिंह कलुंडिया, आंदोलनकारी रमेश बलमुचु (पूर्व बैंक अधिकारी), प्रसन जीत बिरूली, मोहन सिंह बुड़ीउली, रमेश कुमार सामड, शुरू बानरा, नीतिमा कुई, जय देवगम, श्याम कारवां, उल्लास नाग, सोनू कुमार, सुरेंद्रनाथ सुंडी, गणेश महतो सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे.

