चतरा: पुलिस ने प्रतिबंधित ब्राउन शुगर तस्करों के विरुद्ध एक और बड़ी कार्रवाई की है. जहां करीब 60 लाख रुपये के अवैध ब्राउन शुगर के खेप के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने मौके से 286 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ तस्करी में प्रयुक्त इलेक्ट्रॉनिक माप- तोल मशीन व विभिन्न कंपनियों का पांच मोबाइल फोन जप्त किया है.

एसपी ने दी जानकारी.
एसपी सुमित कुमार अग्रवाल ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि ड्रग पेडलरों के द्वारा बड़े पैमाने पर अफीम और ब्राउन शुगर की तस्करी की जा रही है. गुप्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सिमरिया एसडीपीओ शुभम कुमार खंडेलवाल के नेतृत्व में गिद्धौर थाना प्रभारी कुमार गौतम व सशस्त्र बल के जवानों की टीम बनाकर अभियान चलाने का निर्देश दिया गया था. एसपी ने बताया कि पुलिसिया अभियान के दौरान गिरोह का मास्टरमाइंड मौके से भागने में सफल रहा है. उन्होंने बताया कि फरार तस्कर की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी को लेकर सभी संभावित ठिकानों पर टीम लगातार दबिश दे रही है. एसपी ने बताया कि अफीम तस्करी सिंडिकेट से जुड़े माफिया को चिन्हित कर लिया गया है और उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की तैयारी है.

