जमशेदपुर: उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देश पर गुरुवार को समाहरणालय सभागार में कृषि, उद्यान, मत्स्य और सहकारिता विभाग की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गई. उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान की अध्यक्षता में आहूत बैठक का मुख्य उद्देश्य मॉनसून की शुरुआत के साथ ही कृषि क्षेत्र में चल रही योजनाओं की प्रगति की समीक्षा और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करना था.

*बीज वितरण में तेजी लाने के निर्देश*
उप विकास आयुक्त ने कहा कि मॉनसून की शुरुआत हो चुकी है, ऐसे में किसानों को बीज, उर्वरक और अन्य संसाधनों की समय पर उपलब्धता अत्यंत आवश्यक है. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बीज वितरण कार्य में तेजी लाएं और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र किसान बीज वितरण से वंचित न रहे.
*विभागीय योजनाओं की समीक्षा*
बैठक में केसीसी, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, जैविक खेती, मिट्टी परीक्षण, कृषक पंजीकरण, मौसम आधारित फसल सलाह, बीमा योजनाओं की अद्यतन स्थिति पर भी चर्चा की गई. साथ ही, बीएओ, कृषक मित्रों एवं एटीएम/ बीटीएम के माध्यम से गांव-स्तर पर जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया गया. उद्यान विभाग को मधुमक्खी पालन कार्यक्रमों को गति देने और किसानों को जानकारी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया. मत्स्य विभाग से मछली बीज वितरण और प्रशिक्षण कार्यक्रमों की अद्यतन स्थिति प्रस्तुत करने को कहा गया. सहकारिता विभाग को निर्देशित किया गया कि लैंपस के माध्यम से किसानों को सशक्त करें, फसल बीमा एवं कृषि बीज वितरण में तेजी लाई जाए तथा निगरानी व्यवस्था मजबूत की जाए.

