सरायकेला: समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक मुकेश लुणायत की संयुक्त अध्यक्षता में यूनिफाइड कमांड समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में उपायुक्त ने पूर्व की बैठक में दिए गए दिशा- निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की और जिले के नक्सल प्रभावित एवं दूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति पर चर्चा की.

उपायुक्त ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों और अंचल अधिकारियों को नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में संचालित योजनाओं की नियमित निगरानी और समय- समय पर समीक्षा करने के निर्देश दिए. उन्होंने विद्युत सेवा से वंचित गांवों और टोलों में शीघ्र बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने, बीएसएनएल द्वारा स्थापित नेटवर्क टावरों को सक्रिय करने और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में बैंक शाखाओं के माध्यम से बैंकिंग और इंटरनेट सुविधाएं सुलभ कराने के निर्देश दिए.
स्वास्थ्य जांच शिविर और एंटी मलेरिया टीकाकरण अभियान
उपायुक्त ने प्रत्येक 15 दिन के अंतराल पर स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित कर ग्रामीणों को आवश्यक चिकित्सीय सहायता प्रदान करने और बरसात के मौसम को ध्यान में रखते हुए पुलिस कैंप और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में एंटी मलेरिया टीकाकरण अभियान चलाने के निर्देश दिए.
बैठक में उपस्थित पदाधिकारी
बैठक में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, अपर नगर आयुक्त रवि प्रकाश, अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला निवेदिता नियति, जिला पंचायती राज पदाधिकारी सुरेन्द्र उराव, उप समाहर्ता (सामान्य शाखा) सतेन्द्र महतो और विभिन्न प्रखंडों के बीडीओ/ सीओ एवं अन्य संबंधित विभागीय पदाधिकारी उपस्थित थे.

