कुचाई: प्रखंड में गुरु शिष्य के पवित्र रिश्ते को कलंकित करने का मामला सामने आया है. जहां प्रखंड स्थित एक सरकारी स्कूल की छात्रा से छेड़खानी करने के आरोप में उसी स्कूल के शिक्षक को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा है. मिली जानकारी के अनुसार कुचाई के उत्क्रमित मध्य विद्यालय बारुहातु के एक शिक्षक पर गांव की एक महिला ने उसकी नाबालिग बेटी के साथ स्कूल के कार्यालय में झाड़ू मारने के बहाने बुलाकर छेड़खानी करने का आरोप लगाया है.

महिला ने स्कूल के शिक्षक पर मंगलवार को दलभंगा ओपी में मामला दर्ज कराया था. इसपर कार्रवाई करते हुए दलभंगा ओपी पुलिस (कुचाई पुलिस) ने मंगलवार को ही मामला दर्ज कर आरोपी शिक्षक खीरद्र मुर्मू को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने आरोपी शिक्षक को बुधवार को न्यानिक हिरासत में जेल भेज दिया. छात्रा की मां द्वारा दर्ज कराए गए प्राथमिकी में कहा गया है कि विगत 13 जून को स्कूल के शिक्षक खीरद्र मुर्मू ने छात्रा के साथ छेड़खानी की थी. जिसके बाद पुलिस हरकत में आई और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.

