आदित्यपुर:(Kunal Kumar) चांडिल के शहरबेड़ा में शुक्रवार देर शाम हुए सड़क हादसे में मारे गए भाजपा नेता बास्को बेसरा के छोटे पुत्र अनमोल बेसरा उर्फ चीकू के मौत की सूचना पर सोमवार को स्वस्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता श्री बेसरा के गम्हरिया आवास पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी.

स्वास्थ्य मंत्री ने अपनी संवेदना में भाजपा नेता बास्को बेसरा को ढांढस बंधाते हुए कहा दुःख की घड़ी में मैं निजी रूप से आपके साथ खड़ा हूं. पार्टी या राजनीतिक रूप से भले हम प्रतिद्वंद्वी हैं मगर हम एक अच्छे मित्र भी हैं. उन्होंने श्री बेसरा को हिम्मत से काम लेने और परिवार को संबल प्रदान करने की सलाह दी.
बता दें कि शुक्रवार की शाम करीब 6:30 बजे के आसपास ट्यूशन के बाद अपने दोस्तों संग घूमने निकले बास्को बेसरा के पुत्र अनमोल बेसरा का चांडिल के शहरबेड़ा के समीप स्कॉर्पियो दुर्घटनाग्रस्त हो गया था. घटना इतना जबरदस्त था कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए थे. स्कॉर्पियो में अनमोल बेसरा उसकी ट्यूशन की दोस्त अनन्या वर्मा एवं युवराज सिंह शामिल थे. सभी को गंभीर चोटें आई थी. स्थानीय लोगों के सहयोग से पुलिस ने एमजीएम अस्पताल पहुंचाया था. जहां चिकित्सकों ने इलाज के बाद अनमोल एवं अनन्या को मृत घोषित कर दिया था, जबकि युवराज की स्थिति नाजुक बनी हुई है. घटना के बाद भाजपा नेता बास्को बेसरा के घर मातम छा गया है. अनमोल बास्को बेसरा का छोटा पुत्र था और बारहवीं में पढ़ता था.

