जमशेदपुर: गुरुवार को केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा के जमशेदपुर के घोड़ाबांधा स्थित आवास पर महाभोग का आयोजन किया गया. जिसमें राजनीतिक, आर्थिक एवं सामाजिक जगत के लोगों का जुटान हुआ. सबसे अहम शख्सियत पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास का केंद्रीय मंत्री के आवास पर भोग ग्रहण करने पहुंचना रहा. केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने रघुवर दास का गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें महाकाली का भोग ग्रहण कराया.

बता दें कि केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा हर साल अपने आवास पर काली पूजा के अवसर पर महा भोग का आयोजन करते हैं, जिसमें हजारों लोग भोग ग्रहण करने पहुंचते हैं. इसमें राजनीतिक, आर्थिक और सामाजिक जगत के लोगों का जुटान होता है. केंद्रीय मंत्री सत्ता में रहे अथवा ना रहे उनके घर भोग ग्रहण करने हर साल लोग पहुंचते हैं और मां काली का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं. इसी बहाने राजनीतिक चर्चाएं भी होती है. इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने देशवासियों को काली पूजा की शुभकामनाएं दी और कहा वैश्विक त्रासदी के बाद देश और दुनिया के लोग नए सिरे से खुद को स्थापित करने में जुटे हैं. पर्व त्यौहार के बहाने लोगों को एक दूसरे के साथ गिले- शिकवे भूलकर मिलने- मिलाने का पुराना चलन रहा है. उन्होंने भोग ग्रहण करने पहुंचने वाले लोगों के प्रति आभार प्रकट की.

